हजारीबाग
बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर टीपी-5 के समीप सोमवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ के जवानों और स्थानीय पुलिसकर्मियों ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन हजारीबाग की ओर से बड़कागांव की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही थी। अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, सौभाग्यवश कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय नागरिकों की सहायता से घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में सीआईएसएफ के जवान और बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कर चालक को प्राथमिक उपचार हेतु बड़कागांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।