logo

गिरिडीह : अंतर्राज्यीय डकैत गिरोह का पर्दाफाश, डकैती की योजना बनाते 5 गिरफ्तार

dakaet_giridih.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय आपराधिक गिरोह के पांच सदस्यों को डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरदीप सोनी, सुधीर पोद्वार, संजय सोनी, रोहित कुमार सोनी और सुनील भाष्कर के रूप में की गई है। ये सभी जमुआ थाना क्षेत्र के जमुआ रेलवे स्टेशन के पास एकत्रित होकर KD ज्वेलर्स में डकैती की साजिश रच रहे थे।
पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी मिली थी कि जमुआ क्षेत्र में एक अंतर्राज्यीय गिरोह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
इस विशेष टीम ने देर शाम जमुआ रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को देख आठ लोग मौके से भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बलों की मुस्तैदी से पांच अपराधियों को पकड़ लिया गया, जबकि तीन आरोपी, मो. इसराफिल उर्फ गुड्डु (कोडरमा), राजेश पासवान (गया) और राजेश बासफोर (गया) अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि उनका मकसद जमुआ चौक स्थित KD ज्वेलर्स में डकैती करना था, लेकिन पुलिस की गश्ती टीम की उपस्थिति देख वे मौके से हटकर रेलवे स्टेशन के पास जमा हो गए थे।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन, एक सब्बल, एक गैस कटर और दो मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। सभी सामानों को जब्त कर अपराधियों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इस संबंध में जमुआ थाना कांड संख्या 193/2025 दिनांक 26.08.2025 को भारतीय दंड संहिता (BNS 2023) की धारा 111/310(4)/310(5)/317(4) और Arms Act की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है, जिनमें कोडरमा जिले में हुई एक बड़ी डकैती शामिल है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान जारी है। पुलिस की तत्परता से गिरिडीह में एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।


 

Tags - latest jharkhand News jharkhand news Updates latest jharkhand news jharkhand news updates latest Giridih news giridih news Updates Latest Giridih dakaiti news Dakaet News updates jharkhand News Updates latest jharkhand News Giridih Crime News