logo

झारखंड में SIR समीक्षा में मिली अनियमितता, BDO सहित चार कर्मियों पर कार्रवाई

SIRR.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गोड्डा जिले में निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब अधिकारियों और कर्मियों पर भारी पड़ सकती है। उप निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया ने शनिवार को पौड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-39 पर तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस पर संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, बीएलओ सुपरवाइजर के कार्यालय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और निर्वाचन कार्यों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की अनुशंसा की गई।

समीक्षा के दौरान अधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल  
समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि पौड़ैयाहाट के एईआरओ-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा एडिशनल एईआरओ-सह-अंचलाधिकारी निर्वाचन कार्यों के निष्पादन में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं। इस पर दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया है। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और इससे जुड़े सभी दायित्व अत्यंत संवेदनशील हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारीयों को कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई चेतावनी 
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों और संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags - SIRUpdateElectionRevisionVoterListVerificationElectionNegligenceJharkhandNewsgodda district