logo

रांची : विधायक जयमंगल सिंह और प्रदीप यादव के ठिकानों पर दूसरे दिन भी IT की छापेमारी जारी

anup_sinngh.jpg

रांची:
झारखंड के क्रांगेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह और विधायक प्रदीप यादव के घर आईटी की छापेमारी आज यानी शनिवार को भी जारी है। बताया जा रहा है कि विधायकों के आवास पर लगभग 30-35 के संख्या में इनकम टैक्स के अधिकारी अभी भी मौजूद हैं। बता दें कि शुक्रवार से ही आयकर विभाग औऱ ईडी की कार्रवाई राज्य के नेताओं और व्यापारियों के ऊपर चल रही है। आयकर विभाग ने टैक्स चोरी की सूचना के बाद नेताओं, छोटे-बड़े व्यापारियों के कुल 55 ठिकानों पर छापा मारा। इसमें कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, कोयला व्यापारी अजय सिंह, शाह ब्रदर्स और लार्ड्स इंफ्रा का नाम शामिल हैं।

मेरे छोटे बेटे ने कल से कुछ नहीं खाया
जानकारी के अनुसार बेरमो विधायक की मां और छोटे भाई आवास से बाहर आए थे।इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की। विधायक की मां ने कहा कि ‘हम आयकर विभाग की टीम की पूरी तरीके से मदद कर रहे है। अधिकारियों को अपने जांच के दौरान हमारे घर से अभी तक कुछ नहीं मिला है’। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे ने कल से कुछ नहीं खाया है। इसलिए हमने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वो घर को रसोइये को घर के अंदर जाने दें ताकि वह कुछ बना सके। वहीं विधायक के आवास के बाहर दो-चार समर्थक जुटे हुए हैं। विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए बेरमो थाना के पदाधिकारी व जवान भी तैनात हैं।


हाथ लगे कई जरूरी दस्तावेज
बता दें कि जयमंगल सिंह के ठिकानों पर की गयी छापामारी के दौरान कोयला क्षेत्र से मिलनेवाली राशि के ब्यौरे से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान दस्तावेज में वर्णित तथ्यों से इस बात का अनुमान किया जा रहा है कि कोयला क्षेत्र से इस विधायक की आमदनी औसतन प्रति दिन 1करोड़ रुपये है। अनूप और उनके करीबियों के ठिकानों से भारी नकदी मिली है। वहीं विधायक प्रदीप यादव के रांची और गोड्डा स्थित निजी और सरकारी आवास पर भी छापा मारा गया। गोड्डा में विधायक प्रदीप यादव के करीबी माने जानेवाले ठेकेदार श्यामाकांत यादव और विनोद कुमार लाल के ठिकाने से 50 लाख रुपये नकद और निवेश से संबंधित दस्तावेज जब्त किये गये हैं।