रांची:
झारखंड में कांग्रेस के दो विधायक प्रदीप यादव (Pradeep Yadav),जयमंगल सिंह (Jaimangal Singh) सहित एक दर्जन से भी ज्यादा कारोबारियों,ठेकेदारों और बिल्डरों के 55 से भी ज्यादा ठिकानों पर IT की छापेमारी शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। दोनों विधायकों के करीबियों के ठिकानों से करोड़ों की नगद राशि बरामद किए जाने की खबर है। IT ने जब्त नोटों की गिनती के लिए बैंक की टीम को बुलाया है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग ने विधायकों की करोड़ों की कमाई से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए हैं। हालांकि आयकर की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

बेरमो विधायक के करीबी के घर से करोड़ों की रकम की बरामदगी
बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के ढोरी स्टाफ क्वार्टर स्थित आवास में शुक्रवार सुबह 7:15 बजे से आयकर विभाग ने छापेमारी शुरू की। जो शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। मिली जानकारी के अनुसार बेरमो विधायक के आवास पर आयकर की सबसे बड़ी टीम छापेमारी कर रही है। विधायक, उनके भाई कुमार गौरव और मां रानी सिंह का कहना है कि उनके आवास से आयकर टीम को अब तक कुछ ऐसा नहीं मिला है,जिससे यह साबित हो कि उन्होंने अपनी आय छुपाने की कोशिश की है। वैसे विधायक के करीबी रिश्तेदार कोयला व्यवसायी अजय सिंह के घर से करोड़ों की रकम की बरामदगी की खबर मिली है।
मंगवाई गई नोट गिनने की मशीन
मिली जानकारी के अनुसार अजय सिंह के आवास में दोपहर को आयकर अधिकारियों ने SBI फुसरो शाखा से नोट गिनने की मशीन मंगवायी। शाम में कैश वैन भी आया। देर शाम आयकर अधिकारी रुपये गिनने वाली मशीन को कैश वैन के साथ लेकर बैंक लौट गये। जरीडीह बाजार में कांग्रेस नेता सरदार लक्की सिंह के आवास से नगद पांच लाख रुपये मिले हैं। साथ ही व्यवसाय से संबंधित कुछ कागजात भी बरामद किये जाने की सूचना है।

चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा खंगाल रही टीम
गोड्डा में कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के करीबी बताए जाने वाले ठेकेदार श्याम सुंदर यादव के ठिकानों से बड़ी नकदी की बरामदगी की बात कहीं जा रही है। दुमका में ठेकेदार शाह नगर परिषद के उपाध्यक्ष विनोद कुमार लाल बोकारो के गिरिडीह में कांग्रेस नेता सरदार कुलदीप सिंह उर्फ लक्की सिंह,रामगढ़ के पतरातू में कोयला व्यवसायी गजानंद साहू,चाईबासा में शाह ब्रदर्स और लार्डस इंक्रा,चतरा के में कोयला व्यवसायी कैलाश वर्मा के ठिकानों पर आयकर के अफसर लगातार दस्तावेज को लेकर चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा खंगाल रहे हैं।
समर्थकों ने किया हंगामा तो विधायक की पत्नी ने कराया शांत
कार्रवाई के विरोध में विधायक आवास के बाहर समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। आयकर अधिकारी विधायक के आवास से बाहर निकले और उन्हें समझाने का प्रयास किया। बावजूद समर्थक नहीं मानें। विधायक प्रदीप यादव की पत्नी ने जब समझाया तो समर्थक शांत हुए। विधायक की पत्नी ने कहा कि कहीं कोई परेशानी नहीं है। सभी लोग सुरक्षित हैं।