logo

CID ने ही अपनी जांच में कहा था कि CGL में गड़बड़ी नहीं मिली, फिर उसी से जांच क्योंः बाबूलाल मरांडी

babulal-hemant4.jpg

द फॉलोअप, रांची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कल से अब तक जो जानकारी मिली है, उससे साफ है कि सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। सरकार यह कह रही है कि वह परीक्षा रद्द करेगी। इससे कई लड़कों को भी लग रहा है कि उनकी मांग पूरी हो रही है। लेकिन हमने प्रारंभ से ही कहा है कि परीक्षा रद्द करना समस्या का समाधान नहीं हो सकता। समस्या का समाधान केवल सीबीआई जांच है।
JSSC और JPSC में नौकरी बेची गई
मरांडी ने कहा कि JSSC और JPSC में कई परीक्षाओं में गड़बड़ियां हुईं। मैं तो यह कह सकता हूं कि JSSC ने भी और JPSC ने भी नौकरी बेची है। अब धीरे-धीरे पूरे प्रमाण के साथ यह बातें अखबारों, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी सामने आ रही हैं। न्होंने कहा कि झारखंड के बच्चों का हक बेचा गया है। किस प्रकार से गड़बड़ी हुई, किस प्रकार से नौकरी का सौदा किया गया, इसकी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इसलिए हमारी पार्टी का प्रारंभ से ही स्पष्ट मत है कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए, तभी न्याय हो सकता है।


CID पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि CID वही एजेंसी है, जिसने कुछ दिन जांच करके यह रिपोर्ट दी थी कि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई और नौकरी की बिक्री नहीं हुई। इसी जांच के आधार पर हाई कोर्ट तक को भ्रमित किया गया। उन्होंने कहा कि जिन CID अधिकारियों ने पूरी जांच को गलत दिशा में ले जाने का काम किया, उनके खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में फिर उसी CID से जांच कराने का क्या मतलब है?
सरकार बच्चों को कर रही है भ्रमित
मरांडी ने कहा कि सरकार चाहती है कि उसके दोनों हाथों में लड्डू रहें। एक तरफ घोषणा कर देगी कि परीक्षा रद्द कर दी गई, दूसरी ओर जिन लोगों ने अवैध तरीके से पैसे के बल पर नौकरी हासिल की है, वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि अदालत गड़बड़ी के सबूत सरकार से मांगेगी। फिर सरकार की ओर से वही CID अदालत में तथ्य रखेगी, जिसने पहले ही गलत जांच प्रस्तुत की थी। ऐसे में पूरा मामला एक दिन में रुक जाएगा। उनका कहना था कि जिन्होंने पैसे देकर नौकरी खरीदी है, वे भी खुश रहेंगे और सरकार कह देगी कि हमने तो परीक्षा रद्द कर दी थी, लेकिन अदालत ने स्टे दे दिया।


23-24 दिनों से आंदोलन कर रहे बच्चों को ठगा जा रहा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 23-24 दिनों से धरने और भूख हड़ताल पर बैठे बच्चों को सरकार ठग रही है। यह पूरी योजना हेमंत सोरेन सरकार ने कैबिनेट में बैठकर बनाई है।उन्होंने कहा कि जब बच्चों की एक ही मांग है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए, तो सरकार उससे क्यों भाग रही है? इससे बिल्कुल स्पष्ट है कि सरकार में बैठे लोग भी इस गड़बड़ी और नौकरी बेचने के खेल में शामिल हैं, चाहे परीक्षा JSSC ने ली हो या JPSC ने।

JSSC चेयरपर्सन पर अब तक कार्रवाई नहीं

मरांडी ने कहा कि आज भी JSSC के चेयरपर्सन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि 2024 से लेकर अब तक जितनी भी गड़बड़ियां हुई हैं, वे इसी दौरान हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार खुद को बचाना चाहती है। नौकरी की खरीद-बिक्री में शामिल दलालों और भ्रष्ट अधिकारियों को बचाना चाहती है तथा बच्चों को पूरी तरह भ्रमित कर रही है।

सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग

उन्होंने कहा कि सरकार अब इधर-उधर की बातें बंद करे। जिन्होंने राज्य और यहां के बच्चों को लूटा है, हर किसी को इसका पता है। जब बच्चे लगातार कह रहे हैं कि JSSC और JPSC दोनों मामलों की जांच सीबीआई से कराई जाए, तो उससे कम में बच्चों को न्याय नहीं मिलेगा।

अदालत में सच कौन रखेगा?

मरांडी ने कहा कि यदि परीक्षा रद्द होती है तो जिन लोगों ने नौकरी ली है, वे अदालत जाएंगे। ऐसे में अदालत के सामने सच और तथ्य कौन रखेगा? उन्होंने कहा कि नेपाल में बच्चों को प्रश्न रटवाए गए, बंगाल के मेमतपुर में प्रश्न रटवाए गए और झारखंड के अलग-अलग होटलों में भी प्रश्न रटवाए गए। बच्चे यह सब कैसे साबित करेंगे? जांच कौन करेगा? उन्होंने कहा कि सरकार की एजेंसी ही अदालत में तथ्य रखेगी, लेकिन वही एजेंसी सरकार को बचाने में लगी हुई है। ऐसे में अदालत में कोई मामला सही तरीके से चल ही नहीं पाएगा।

सरकार बाद में अदालत का हवाला देगी

उन्होंने कहा कि बाद में हेमंत सोरेन सरकार बच्चों से कहेगी कि हमने तो परीक्षा रद्द कर दी थी, लेकिन हाई कोर्ट ने उसे बहाल कर दिया। यही सरकार चाहती है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भी सरकार में भागीदार है। इसलिए वे भी इस पूरे मामले पर चुप हैं।

छात्र आंदोलन को भाजपा का समर्थन

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आंदोलन बच्चे कर रहे हैं और भाजपा उनके साथ खड़ी है। हमने बार-बार कहा है कि यदि किसी के साथ अन्याय होता है और वह न्याय के लिए लड़ रहा है तो पार्टी कैसे चुप रह सकती है।उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब छात्र आंदोलन कर रहे हैं। JSSC कार्यालय के सामने भी आंदोलन हुआ था। माध्यमिक शिक्षक 40-42 या 45 दिनों तक राजभवन के सामने धरने पर बैठे रहे। सहायक आचार्य अभ्यर्थियों ने भी आंदोलन किया और लोग अदालत तक गए। उन्होंने कहा कि अदालत ने भी सरकार से तय समय में जांच पूरी करने को कहा था, लेकिन आज तक जांच पूरी नहीं हुई।

सीबीआई जांच से ही सामने आएंगे दोषी

मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता जानती है कि सरकार बोलती कुछ है और करती कुछ और है। सरकार को डर है कि जिस दिन सीबीआई जांच होगी, उस दिन इस पूरे मामले में शामिल सफेदपोश, सहयोगी, दलाल और गड़बड़ी करने वाले सभी लोग पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीबीआई की निष्पक्ष जांच से ही पूरी सच्चाई सामने आएगी, दोषियों की पहचान होगी और जिन लोगों ने पैसे के बल पर नौकरी खरीदी है, वे भी कानून के दायरे में आएंगे।

Tags - Babulal Marandi Hemant Soren Examination CBI CID