logo

झारखंड के इन जिलों में होगी बारिश, फरवरी के पहले सप्ताह से मौसम का ये होने वाला है हाल

ीोगल13.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर रहता है तो शाम ढलते ही सर्दी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी अपने पूर्वानुमानों में ठंड का असर कायम रहने की संभावना जताई है। साथ ही आगामी दिनों पूरे राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड से फरवरी के प्रथम सप्ताह से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम इन दोनों का प्रभाव राज्य के मौसम में देखा जा रहा है। आज कुछ जिलों में हल्के मध्य दर्जे की बारिश होगी। वहीं आंशिक बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन आगे फिर ठंड बढ़ सकती है। 


फरवरी के पहले सप्ताह में ठंड कम होगी
राजधानी रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। जिससे दोनों दिन इन जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी के अनुमान हैं। लिहाजा, फरवरी के पहले सप्ताह से सर्दी का असर कुछ हद तक कम होगा। विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी समेत 10 जिलों में भी देखने को मिलेगा जबकि शेष जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। 


रांची और बोकारो का तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं कहीं काेहरे का असर देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस बोकारो का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी की बात करें तो अधिकतम 26.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।