logo

भारतीय सेना के सम्मान में “जय हिन्द सभा” का आयोजन, इमरान प्रतापगढ़ी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति

jaihind00321.jpg

रांची

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के निर्देश पर आज ईटकी प्रखंड के कुंदी मैदान में “जय हिन्द सभा” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय सेना के सम्मान में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी उपस्थित थे। उनके साथ AICC के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी डॉ. इमरान प्रतापगढ़ी, तथा अल्पसंख्यक झारखंड प्रभारी जीनल एन. गाला भी शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांके विधायक सुरेश बैठा भी उपस्थित रहे।


सभा को संबोधित करते हुए सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, “भारत की आज़ादी से लेकर अब तक भारतीय सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए जो बलिदान दिए हैं, उन्हें नमन करने के उद्देश्य से ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन किया गया है।”
उन्होने अपनी शैली में शायरी करते हुए कहा:
“टूटने और बिखरने का चलन माँग लिया,
हमने हालात से शीशे का बदन माँग लिया!
हम भी खड़े थे तक़दीर के दरवाज़े पर,
लोग दौलत पे गिरे हमने वतन माँग लिया!”
इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी संकट के समय हमेशा देश, सरकार और सेना के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने पहलगाम गए, जबकि प्रधानमंत्री बिहार के मधुबनी में जनसभा कर रहे थे।


उन्होंने कहा, “विपक्ष कभी सेना के नाम पर राजनीति नहीं करता। जिस कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेताओं की शहादत दी, वह पार्टी सेना के नाम पर राजनीति नहीं कर सकती। लेकिन आज जो लोग अपने पोस्टर लगाकर राजनीति कर रहे हैं, वह क्या सेना के नाम पर राजनीति नहीं है?”
AICC के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने और सेना को बल देने का कार्य कांग्रेस पार्टी ने हर दौर में किया है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि आज की सभा उसी जीत के जश्न में आयोजित की गई है। साथ ही उन्होंने झारखंड में हर पंचायत और वार्ड स्तर पर कांग्रेस कमेटी के गठन की बात कही, जिसमें सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की गौरवशाली परंपरा रही है कि वह हर संकट की घड़ी में देश और सेना के साथ खड़ी रही है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को याद दिलाते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवानों और अन्नदाता किसानों को सम्मान देना हर भारतीय का कर्तव्य है।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने क्षेत्र में जय हिन्द सभा के आयोजन पर प्रसन्नता जताई और कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया।


झारखंड में कांग्रेस के अल्पसंख्यक मामलों की प्रभारी जीनल एन. गाला ने ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता को गर्व का क्षण बताया और भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर सेना के सम्मान में सभा आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनमुद्दों को लेकर सजग रही है। उन्होंने मॉब लिंचिंग के खिलाफ कानून बनाने और सरना धर्मकोड की मांग को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दुबे ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संगठन महासचिव अख्तर अली ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें शमीम अख्तर हुसैन खान, महमूद अली, जे.डी. तिग्गा, खालिद खान, सगीर अंसारी, संतोष सरदार, सोहराब अंसारी, करीम अंसारी, शहीद रजा, मुजम्मिल अंसारी, मंजूर आलम, बारीक अंसारी, कमरूल हसन, मो. अशरदुल कादरी, तौकिर अख्तर, सरवर अंसारी और सफार अंसारी प्रमुख रूप से शामिल थे। यह आयोजन भारतीय सेना के सम्मान में कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय एकता के प्रति उसके समर्पण का प्रतीक बन गया।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest