logo

मलेरिया-पीलिया से 4 साल के सबर बच्चे की मौत, 2 मासूम की हालत गंभीर

मलेरिया-पीलिया से 4 साल के सबर बच्चे की मौत, 2 मासूम की हालत गंभीर

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जमशेदपुर के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत कोयरा गांव के बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात बीमारी से पीड़ित चार वर्षीय संजीव सबर की मौत हो गई। वह सुरेंद्र सबर का बेटा था। परिजनों के मुताबिक, संजीव करीब एक महीने पहले मलेरिया की चपेट में आया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह पीलिया से भी पीड़ित हो गया। नीमडीह के एक निजी चिकित्सक के यहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। संजीव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। दुखद बात यह है कि उसके अन्य भाई भी बुखार से पीड़ित हैं।


टोला में कई लोग बीमार, दो बच्चों की हालत गंभीर
बाधाडीह सबर टोला में बीमारी का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि दो अन्य बच्चों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के मलेरिया से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने गंभीर रूप से बीमार दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भेजी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन परिजनों ने बच्चों को अस्पताल भेजने से इनकार कर दिया। ऐसे में दोनों गंभीर बच्चों के इलाज को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांव में बीमारी के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं और समय पर उपचार की जरूरत महसूस की जा रही है।


मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है मलेरिया
मलेरिया एक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलती है। इसके संक्रमण के बाद मरीज को बुखार, ठंड लगना, तेज पसीना आना, सिरदर्द और शरीर में कमजोरी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। वहीं, पीलिया होने पर त्वचा और आंखों का रंग पीला पड़ने लगता है। इसके अलावा पेशाब का रंग गहरा होना और कमजोरी भी इसके प्रमुख लक्षण हैं। बाधाडीह सबर टोला में एक मासूम की मौत और कई लोगों के बीमार होने की घटना ने ग्रामीण इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों की बिगड़ती सेहत को देखते हुए समय पर जांच और समुचित इलाज बेहद जरूरी है।

Tags - Jamshedpur News Malaria Outbreak Child Death Jharkhand Health Sabar Community