जमशेदपुर
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित अरका जैन यूनिवर्सिटी में "विविधता का सम्मान: सीमाओं से परे शिक्षा को आगे बढ़ाना" विषय पर दो दिवसीय ट्रांसनेशनल एक्सचेंज प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह आयोजन यूनिवर्सिटी के 'स्कूल ऑफ़ फार्मेसी' की ओर से अपने एक महत्वपूर्ण एमओयू पार्टनर, फिलीपींस के 'होली चाइल्ड सेंट्रल कॉलेज इंक.' के सहयोग से 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के तहत किया गया। इसमें इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल, सेंटर फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग एंड ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट और भारतीय विवेक पीठ: सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम की भी सहभागिता रही।
अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर ज्ञान और समृद्धि की कामना के साथ हुई। इस अवसर पर अरका जैन यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. ईश्वरन अय्यर, प्रो वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित श्रीवास्तव, प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. एस.एस. रज़ी, संयुक्त रजिस्ट्रार डॉ. जसबीर सिंह धंजल, मुख्य वित्तीय अधिकारी रिचा गर्ग, भारतीय ज्ञान प्रणाली के समन्वयक डॉ. मनोज पाठक, निदेशक सीसीएचआरडी डॉ. चारु वाधवा और स्कूल ऑफ फार्मेसी के डीन डॉ. ज्योतिर्मय साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम की विधिवत व पारंपरिक शुरुआत के बाद फिलीपींस के 'होली चाइल्ड सेंट्रल कॉलेजेस इंक.' के एकेडमिक डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) एरविन एम. फालर का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कुल मिलाकर यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने और विभिन्न संस्कृतियों की आपसी समझ को प्रोत्साहित करने के प्रति विश्वविद्यालय की अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।
ग्लोबल एकेडमिक पार्टनरशिप के महत्व पर जोर
स्वागत भाषण देते हुए प्रो. (डॉ.) ज्योतिर्मय साहू ने यूनिवर्सिटी नेतृत्व एवं शैक्षिक अनुभवों को बेहतर बनाने और छात्रों को आपस में जुड़ी दुनिया के लिए तैयार करने में 'ग्लोबल एकेडमिक पार्टनरशिप' के महत्व पर जोर दिया। वहां उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इस बात को रेखांकित किया कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग उच्च शिक्षा में विचारों, इनोवेशन और बेहतरीन तौर-तरीकों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच का काम करते हैं।
अरका जैन यूनिवर्सिटी की पहलों की सराहना
सभा को संबोधित करते हुए प्रो. (डॉ.) इरविन एम. फालर ने आज की शिक्षा में बहुलवाद, समावेशिता और वैश्विक नागरिकता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने अरका जैन यूनिवर्सिटी की ओर से अंतर्राष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों की सराहना की और भरोसा जताया कि भारतीय और फिलीपीन संस्थानों के बीच लगातार सहयोग से प्रभावशाली शैक्षणिक और शोध परिणाम सामने आएंगे।
इस एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत दोनों संस्थानों ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के मकसद से संयुक्त रिसर्च पहल, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, स्टूडेंट एक्सचेंज के अवसर, संयुक्त पब्लिकेशन, वर्चुअल लर्निंग और क्षमता-निर्माण गतिविधियों के ज़रिए अपने एकेडमिक संबंधों को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
एजेयू और फिलीपींस के होली चाइल्ड सेंट्रल कॉलेज के बीच एमओयू
कार्यक्रम के दौरान अरका जैन यूनिवर्सिटी के इंआईक्यूएसी और फिलीपींस के होली चाइल्ड सेंट्रल कॉलेज के बीच एक समझौते एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम के पहले दिन का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें बाहर से आए प्रतिनिधियों, यूनिवर्सिटी के सीनियर मैनेजमेंट, आयोजन समिति, फैकल्टी सदस्यों, छात्रों और सभी संबंधित लोगों के प्रति कार्यक्रम को शानदार रूप से सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया। .jpeg)
अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दूसरे दिन कार्यक्रम के समापन पर विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के सम्मान में विद्यार्थियों ने आदिवासी छऊ नृत्य और झारखंड का पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत किया। अरका जैन यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी ने विशिष्ट अंतर्राष्ट्रीय अतिथि को फूलों का गुलदस्ता, सैश और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।