जामताड़ा:
जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के एक सदस्य महताब अंसारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के बरमुंडी गांव का रहने वाला है।

गुप्त सूचना पर बांस की झाड़ियों में छापेमारी, 4 मोबाइल और 5 फर्जी सिम बरामद
साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सकलपुर-बरमुंडी मार्ग पर स्थित भेलवाटांड़ के पास बांस की झाड़ियों में छापेमारी की। वहां आरोपी को साइबर अपराध करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन और विभिन्न कंपनियों के 5 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
.jpeg)
APK फाइल डाउनलोड करवाकर हासिल करता था क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी
आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके मोबाइल में खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करवाता था। इसके जरिए वह क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी देश के कई राज्यों में इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।