जामताड़ा
जामताड़ा जिले के सीमावर्ती खागा थाना क्षेत्र अंतर्गत धावा और चापुड़िया के बीच शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। शराब की बोतलों से ओवरलोड एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि वाहन में रखी शराब की सैकड़ों बोतलें सड़क पर बिखर गईं। हादसे की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कई लोग शराब की बोतलें लूटकर भाग निकले।
'डाक पार्सल' लिखे वाहन में मिली बिना लेबल वाली शराब
घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन (नंबर JH 10 CF 2760) की बॉडी पर 'डाक पार्सल' लिखा हुआ था। इसके अलावा, वाहन से बरामद शराब की बोतलों पर किसी भी ब्रांड का लेबल नहीं लगा था। हादसे के तुरंत बाद चालक और वाहन में सवार अन्य लोग मौका पाकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने पिकअप वैन जब्त की
घटना की सूचना मिलते ही खागा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया और उसे थाना ले आई।.jpeg)
शराब की खेप को लेकर उठे सवाल
'डाक पार्सल' लिखे वाहन से बिना लेबल वाली शराब मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि डाक पार्सल की आड़ में शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। चालक और सवारियों का मौके से भागना भी मामले को संदिग्ध बना रहा है।.jpeg)
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
हालांकि, यह शराब वैध तरीके से ले जाई जा रही थी या इसके पीछे किसी बड़े अवैध शराब माफिया का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और चालक की पहचान के बाद ही शराब के परिवहन से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।