द फॉलोअप डेस्क
पहली खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित प्रतियोगिता में जामताड़ा की सविता मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक स्पर्धा में झारखंड के लिए रजत पदक हासिल किया। सविता ने 43.12 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, ओडिशा की धनमंत्री ने 44.79 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुजरात की गमीत ने 41.77 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 30 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित हुई, जिसमें 1 अप्रैल को भाला फेंक स्पर्धा संपन्न हुई। सविता मुर्मू झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर की निवासी हैं और पिछले 6–7 वर्षों से शांतु एथलीट कोचिंग कैंप में भाला फेंक का नियमित अभ्यास कर रही हैं। वह कोच छोटेलाल कामत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं, जो उनके प्रदर्शन को निखारने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। सविता का लक्ष्य भविष्य में भारत के लिए ओलंपिक में पदक जीतना है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
सविता मुर्मू ने वर्ष 2023 से अब तक कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्ष 2023 में उन्होंने स्टेट गेम्स में स्वर्ण पदक, ईस्ट जोन गेम्स में पदक और तमिलनाडु में आयोजित जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2024 में यूथ नेशनल गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। वर्ष 2025 में स्टेट जनरल प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया, जबकि 2025-26 में भुवनेश्वर के कलिंगा में आयोजित जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, नेशनल स्कूल गेम्स में भी उन्होंने रजत पदक हासिल किया। इन उपलब्धियों के क्रम में सविता ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड के लिए रजत पदक जीतकर एक और महत्वपूर्ण सफलता अपने नाम की है।
