logo

JD (S) का शिष्टमंडल मिलेगा राज्यपाल से, झारखंड की गिरती कानून व्यवस्था का मामला उठायेंगे

jds.jpeg

धनबाद
झारखंड में लगातार गिरती कानून व्यवस्था को लेकर जनता दल सेक्युलर का एक शिष्टमंडल शीघ्र ही राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिलेगा। ये जानकारी पार्टी अध्यक्ष पवन कुमार झा ने शनिवार को दी।  कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को भी झारखंड की स्थिति से अवगत कराया गया है। झा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सदन में भी झारखंड की खराब कानून व्यवस्था को लेकर आवाज उठाने वाले हैं। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का खास फोकस धनबाद के कारोबारियों की सुरक्षा पर होगा।  

एचडी देवगौड़ा के साथ के साथ होगी बैठक  
झा ने आगे कहा कि पार्टी धनबाद की जनता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया कि दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा के साथ एक बैठक होनी है। इसमें झारखंड प्रदेश की स्थिति पर विचार विमर्श किया  जायेगा। भाजपा के साथ हुए गठबंधन पर प्रदेश में राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। पार्टी की ओर से प्रदेश को अपराध मुक्त करने की दिशा में सार्थक पहल करने पर जोर दिया  जायेगा. वहीं, प्रदेश में बढ़ते हुए अपराध एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी का एक शिष्टमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग करेगा।

धनबाद में रंगदारी के लिए होती रही है हिंसा 

बता दें कि धनबाद के कारोबारियों के बीच गैगस्टर प्रिंस खान का आतंक एक अरसे से है। खान के गुर्गे कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए कई बार हिंसक कारनामों को अंजाम दे चुके हैं। पिछले दिनों धनबाद के कारोबारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। इसे रंगदारी मांगने वाले सात अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद समाप्त किया गया था। इसी महीने 14 नवंबर को धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान को दुबई पैसे भेजने वाले उसके सहयोगी को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम बीर सिंह है। बीर सिंह दुबई में बैठे प्रिंस खान को रंगदारी के पैसे बैंकों के माध्यम से भेजता था।