logo

झारखंड के 11वें राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने ली शपथ, सीएम सोरेन ने दी बधाई

new_gov_oath1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सीपी राधाकृष्णन ने झारखंड के 11वें राज्यपाल के रूप में आज शपथ ग्रहण किया।  झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश  ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यपाल का अभिनंदन किया। मिली जानकारी के अनुसार इसके बाद उनका खूटीं जाने का कार्यक्रम है। वहां वो भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही बिरसा कॉम्प्लेक्स में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उलिहातू भ्रमण के दौरान वो भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात करेंगे।बता दें कि सीपी राधाकृष्णन का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को सीएम हेमंत सोरेन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया था।

पहला लक्ष्य झारखंड का विकास

राज्यपाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड के राज्यपाल के तौर पर शपथ ग्रहण करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। रमेश बैस के बाद मैंने शपथ ग्रहण किया है। इस राज्य के राज्यपाल के तौर पर मेरा पहला लक्ष्य झारखंड का विकास है। बिना विकास के गरीबी नहीं हटाई जा सकती है। ऐसे में सभी के सहयोग से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, ग्रामीण क्षेत्रो में पानी की उपलब्धता, घर आदि ही हमारा पहला लक्ष्य है।

शपथग्रहण समारोह में ये रहे शामिल

झारखंड के नए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन का शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रवींद्र नाथ महतो, मंत्री जोबा मांझी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन, रांची की मेयर आशा लकड़ा, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो समेत हाई कोर्ट के कई जज मौजूद रहे।

जानें कौन हैं सीपी राधाकृष्णन
सीपी राधाकृष्णन को तमिलनाडु का मोदी कहा जाता है। सीपी राधाकृष्णन ने 16 साल की उम्र मे ही आरएसएस का दामन थाम लिया था। वह तमिलनाडु में भाजपा का एक मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने अपने बलबूते तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत बनाया। उनकी बदौलत ही भाजपा तमिलनाडु में जगह बना पाई। सीपी राधाकृष्णन साउथ से भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शुमार हैं। वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। 2016 से 2019 तक केरल भाजपा के प्रभारी रहे।


हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT