द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में अब WiFi की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही सोलर लाइट और वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी आंगनबाड़ी केंद्रों में की जायेगी। इस दिशा में समाज कल्याण विभाग, झारखंड ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि झारखंड में कुल 38432 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन सभी केंद्रों पर सुविधाएं बढाने और इनको मॉडल सेंटर और एक सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बनाने की कवायद की जा रही है। इसी कड़ी में राज्य के आगंनबाड़ी केंद्रों में WiFi की सुविधा देने की पहल की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों पर एलइडी टीवी, पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराये जायेंगे। इससे कार्यों में गति आयेगी और डेटा संग्रहण में मदद मिलेगी।

बच्चों का स्किल डेवेलप करेंगे
आंगनबाड़ी केंद्रों में चलने वाले स्कूलों पर भी राज्य सरकार का खास फोकस है। विभाग की ओऱ से मिली जानकारी के अनुसार नई पहल में केंद्र में बच्चों को स्कूली पूर्व शिक्षा एवं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन भी शामिल होंगे। इन आयोजनों में तकनीक के प्रयोग से बच्चों में लर्निंग स्किल डेवलप किए जाने की कोशिश की जायेगी। इसी के साथ छात्रों की उपस्थिति और क्वालिटी एजुकेशन को भी बढ़ावा देने की कवायद की जा रही है। विभाग ने कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र में कुर्सी, डेस्क और दरी दी जायेगी। रसोई के लिए गैस कनेक्शन देने की तैयारी चल रही है।

कई केंद्र बन चुके हैं आदर्श केंद्र
गौरतलब है कि झारखंड में कई जिले ऐसे हैं जहां अलग अलग योजनाओं को लागू कर वहां के आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल केंद्र बनाया भी गया है। पक्का भवन के अलावा उसकी चारदीवारी, बाल-सुलभ रंग-रोगन, पानी, सुरक्षित पेयजल, बिजली कनेक्शन की व्यवस्था, रसोईघर, भंडारण और अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग मिला है। इन जिलों में धनबाद, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, दुमका जैसे जिले शामिल हैं। अब राज्य के शेष आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए योजना तैयारी की गयी है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -