logo

रांची : झारखंड विधानसभा का 22वां स्थापना दिवस आज, विनोद सिंह होंगे सम्मानित

vidhansabha1.jpg

रांची:

झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) का आज 22वां स्थापना दिवस है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। विधानसभा भवन लाइट से बहुत खूबसूरत तरीके से सजाया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल रमेश बैस (Ramesh Bais) करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) और राज्यपाल रमेश बैस एकबार फिर एक मंच पर साथ नजर आयेंगे।  स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल के नहीं आने पर कई सारे सवाल खड़े हो गए थे। कहा जा रहा था कि दोनों नेताओं के बीच सबकुछ ठीक नहीं है वहीं इस समारोह में शामिल होकर राज्यपाल इन सारे कयासों पर विराम लगा देंगे।

विनोद सिंह उत्कृष्ट विधायक के रूप में होंगे सम्मानित
पिछले 22 सालों में वर्ष 2009, 2014 व 2019 को छोड़ हर वर्ष झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इस आयोजन में हर साल एक विधायक को सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार प्रदान किया जाता रहा है। इस वर्ष माले विधायक विनोद सिंह को समारोह में उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया जायेगा।


ऐसे चलेगा तीन दिवसीय कार्यक्रम
समारोह के पहले दिन सीमा पर और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के आश्रित परिवार को सम्मानित किया जाना है। राज्य में इस साल 10वीं और 12वीं के टॉपर्स स्टूडेंट्स को भी इस समारोह में सम्मानित किया जायेगा। 23 को सांस्कृतिक कार्यक्रम व डॉ कुमार विश्वास का काव्य पाठ होगा। 23 की शाम मुकुंद नायक व मधु मंसूरी की टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। इसी दिन विधानसभा द्वारा केंद्र व राज्य संबंध पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची और पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च, पीआरएस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित सम्मेलन में देशभर के विधिक व संसदीय विशेषज्ञ पहुंचेंगे। 10 अलग-अलग विषयों पर देशभर के विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। 24 नवंबर को छात्र सांसद आयोजित किया जायेगा।