द फॉलोअप डेस्क
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार झारखंड के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.9771 पर्सेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 455 प्राप्त की और झारखंड के स्टेट टॉपर बने। वहीं रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 99.96 पर्सेंटाइल, 655 अंक और ऑल इंडिया रैंक 676 हासिल की। ज्ञानेंद्र के पिता मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं।

10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव से पूरी की
उन्होंने 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली और 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव से पूरी की है। ज्ञानेंद्र की सफलता से उनके परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। रांची के अन्य छात्रों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। अक्षत प्रेम ने 642 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 2034, साकिब अहमद ने 640 अंक के साथ रैंक 2282, मयंक कुमार ने रैंक 3211 और सर्वजीत ने रैंक 4271 हासिल की। इस वर्ष रांची से करीब 10 हजार अभ्यर्थी NEET UG परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा में सफलता पाने वाले छात्रों ने अपनी मेहनत और लगातार तैयारी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।

देशभर के लाखों छात्रों ने परीक्षा में लिया हिस्सा
इस वर्ष NEET UG 2026 का परिणाम ऐसे समय आया है, जब पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी। इसके बावजूद देशभर के लाखों छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतर प्रदर्शन किया। NTA के अनुसार, 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। अब सफल छात्र मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि झारखंड के छात्रों का यह प्रदर्शन राज्य में चिकित्सा शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और बेहतर तैयारी का सकारात्मक संकेत है।