द फॉलोअप डेस्क
झारखंड नगर निकाय चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। वहीं, जमशेदपुर स्थित जुगसलाई नगर परिषद में दो सगे भाइयों ने अलग-अलग वार्डों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। राहत हुसैन और जिशान हुसैन दोनों भाइयों की जीत से परिवार सहित पूरे इलाके में लोग जीत की खुशी में एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा कर बधाई दे रहे हैं। बता दें कि राहत हुसैन ने वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल की है, वहीं उनके भाई जिशान हुसैन वार्ड नंबर 4 से पार्षद चुने गए हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस दोहरी सफलता पर समर्थकों में भारी उत्साह है।

वहीं, चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में झामुमो समर्थित प्रत्याशी सोमवारी सोरेन ने बाजी मारी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 727 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। उधर, मानगो नगर निगम के वार्ड नंबर 10 से जितेंद्र साव विजयी घोषित किए गए हैं।प्रशासनिक स्तर पर सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र सौंपे जा रहे हैं। इन परिणामों के साथ ही निकायों में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।