logo

रांची : झारखंड कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया

a541.jpg

रांची: 

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होना है। मंगलवार यानी 20 सितंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी (Jharkhand Congress) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया और शीर्ष नेतृत्व को इससे अवगत करा दिया है। दरअसल, झारखंड कांग्रेस प्रभारी 20 सितंबर को रांची आए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रभारी अविनाश पांडेय (Avinash Pandey) और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Rajesh Thakur) की मौजूदगी में अहम बैठक हुई।

 

प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने ये जानकारी दी है कि राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है। राजेश ठाकुर ने मीडिया से क्या कहा पहले वो सुन लीजिए। प्रभारी अविनाश पांडेय ने भी मीडिया से बातचीत के दौरान ये जानकारी दी है कि प्रदेश में पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा का ध्यान रखते हुए राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है। अविनाश पांडेय ने क्या कहा वो भी सुनिए।

17 अक्टूबर को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के पूर्णकालिक अध्यक्ष का चुनाव होना है। अभी सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष हैं। 2019 के आम चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद छोड़ा था। इस समय अध्यक्ष पद के लिए 2 मुख्य दावेदारों के रूप में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gahlot) और वरिष्ठ नेता शशि थरूर (Shashi Tharoor) का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। सूत्रों का तो ये भी कहना है कि शशि थरूर 26 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 

राहुल गांधी भी हो सकते हैं पद के दावेदार! 
हालांकि, इस बीच राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) चल रही है। कम से कम तस्वीरों से तो ऐसा लगता है कि इस यात्रा के जरिए राहुल गांधी ने आमजन के बीच जगह बनाई है। अध्यक्ष पद को लेकर राहुल गांधी ने अभी तक तो चुप्पी साध रखी है लेकिन 19 सितंबर को किए गए एक ट्वीट से ऐसा लगता है कि राहुल गांधी भी अध्यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं। दरअसल, केरल में नौकायन का लुत्फ उठाते हुए राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक तस्वीर डाली। लिखा कि जब नाव बीच मंझधार में फंस जाए तब पतवार अपने हाथ में लेनी ही पड़ती है। न रूकेंगे, न झुकेंगे। भारत जोड़ेंगे।

दिलचस्प बात ये है कि ना केवल झारखंड बल्कि और 7 राज्यों की कांग्रेस कमिटी ने भी राहुल गांधी को ही पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया है। 22 सितंबर से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। देखना होगा कि राहुल गांधी इसका हिस्सा बनते हैं या नहीं।