logo

Ranchi : लोकतंत्र में जनता का मत ही सर्वोपरि होता है, पांच राज्यों में हार के बाद बोले राजेश ठाकुर

rajeshthakur66.jpg

रांची: 

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर परिणाम लगभग साफ है। पांच में 4 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। बीजेपी यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता में वापसी करने जा रही है। इन सभी राज्यों में कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ है। पंजाब में भी कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई है। चुनाव परिणामों पर अब झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर का बयान सामने आया है। 

लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि होता है
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत ही सर्वोपरि होता है। हम परिणामों को पूरी विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ स्वीकार करते हैं। राजेश ठाकुर ने कहा कि इस विषय में कोई दो राय नहीं कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।  खास कर पंजाब, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव परिणाम हमारे लिये चुनौतिपूर्ण भी है और आशा के विपरित भी। 

जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएंगे
राजेश ठाकुर ने कहा कि हम चुनाव हारे हैं पर हिम्मत नहीं। न मनोबल खोया है और न ही आगे बढ़ते रहने का संकल्प। इन राज्यों में हमारे कार्यकर्ता और नेताओं ने मिलकर धरातल पर कड़ी मेहनत की पर  जनता का मत फिर भी हमारे पक्ष में नहीं रहा। पूरे देश और खासकर जिन राज्यों में चुनाव हुए वहां की जनता के  साथ हमारा रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आत्मीयता का है।

हम इस रिश्ते में अधिक विश्वास और अपनापन पैदा करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और एक जिम्मेवार विपक्ष के रूप में जनता की समस्याओं को सदन में और सदन के बाहर पूरी ताकत से उठायेंगे।