logo

विधि-व्यवस्था कंट्रोल नहीं होती तो इस्तीफा दें हिमंता, राहुल गांधी को रोकने पर बोले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष

a1301.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को असम के नगांव में बताव्रता श्रीमंत शंकरदेव सत्र मंदिर जाने से रोकने पर सियासत गरमा गई है। मंदिर जाने से रोकने पर नाराज राहुल गांधी हैबरगांव में समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इधर, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और प्रवक्ता राकेश सिन्हा भी समर्थकों के साथ रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में धरने पर बैठे। राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विद्वेष की भावना से राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोका गया। इससे पहले भी असम में राज्य समर्थिक अराजक तत्वों ने राहुल गांधी के काफिले पर हमला किया। जयराम रमेश के वाहन पर भी तोड़फोड़ की। राजेश ठाकुर ने कहा कि ये किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। 

राहुल गांधी की यात्रा बाधित कर रही बीजेपी!
राज्य सरकार और नगांव जिला प्रशासन द्वारा राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोकने पर विधि-व्यवस्था का हवाला देने पर राजेश ठाकुर ने कहा कि लाखों लोग अयोध्या गए। पूरे भारतवर्ष में कार्यक्रम हो रहे हैं, क्या वहां विधि-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री खुद विधि-व्यवस्था भंग होने की बात कह रहे हैं कि उनको शर्म आनी चाहिए। उनको अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। राज्यपाल को संज्ञान में लेना चाहिए कि सरकार विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि गोडसे समर्थकों द्वारा राहुल गांधी की यात्रा पर हमला करके उसे बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन हम न तो डरेंगे और न ही झुकेंगे। यात्रा जारी है और अनवरत जारी रहेगी। राजेश ठाकुर ने कहा कि यह गतिरोध ठीक नहीं है। 

बीजेपी तय नहीं करेगी कि किसे कहां जाना है! 
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा न लेने के सवाल पर कहा कि बीजेपी यह तय नहीं करेगी कि किसे कहां जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तो शंकराचार्य ही बेहतर बता पाएंगे कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में क्या होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि लाखों लोग अयोध्या जा रहे हैं। घर-घर में राम की पूजा हो रही है। सबलोग तो अयोध्या नहीं जा रहे हैं तो फिर कांग्रेसी नेताओं के वहां नहीं जाने पर सवाल क्यों? 

 

राहुल गांधी की न्याय यात्रा अनवरत जारी रहेगी
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा भारत में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय स्थापित करने के लिए की जा रही है। लंबी यात्रा है और ऐसे गतिरोध आगे भी उत्पन्न किए जाएंगे लेकिन हमारा ध्येय स्पष्ट है कि महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर सयंम और समझदारी से जनता के बीच अपनी बात और संदेश पहुंचाना है।