logo

थ्रोबॉल के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का गवाह बनेगा रांची, दो दिवसीय चैंपियनशिप 17 जून से 

THROW_BALL.jpg

रांची  
झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। 17 और 18 जून को हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम खेलगांव में 2nd South Asian Throwball Championship 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन Throwball Federation of India द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारत समेत दक्षिण एशिया के पांच देशों की टीमें भाग लेंगी। चैंपियनशिप में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान और नेपाल की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं सभी मुकाबले रांची के खेलगांव में खेले जाएंगे।

राज्य की बेहतर मेजबानी

झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता और संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य को लगातार बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। इससे पहले भी झारखंड में दो बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है। राज्य की बेहतर मेजबानी और व्यवस्थाओं को देखते हुए थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने एक बार फिर रांची को इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी है। उन्होंने आगे बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों के रहने, खाने और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

झारखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान

भारतीय टीम में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। झारखंड के लिए गौरव की बात यह है राज्य की बेटी अरुणा यादव भारतीय महिला टीम की कप्तानी कर रही हैं। वहीं झारखंड के अमरदीप भी भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा हैं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल झारखंड का नहीं, बल्कि पूरे देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए कई लोग पर्दे के पीछे लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार भविष्य में भी झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराएगी। खिलाड़ियों का लक्ष्य खेल भावना के साथ अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना है। South Asian Throwball Championship के आयोजन से झारखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Tags - International sports event 2nd South Asian Throwball Championship 2026 Throwball Federation of India Khelgaon Stadium Ranchi South Asian countries