रांची:
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे (Avinash Pandey) मंगलवार यानी आज रांची पहुंच रहे हैं। अविनाश पांडे शाम तक राजधानी पहुंचेगे। कांग्रेस प्रभारी 3 दिन तक रांची में रहेंगे। इस दौरान वो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष,कार्यकारी अध्यक्ष,मंत्रियों समेत नवगठित कमेटियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। साथ ही पार्टी के अंदर उठ रहे विरोध को लेकर नेताओं की क्लास भी लग सकती है।

निर्धारित कार्यक्रम
12 जनवरी को कांग्रेस के प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक है। इसके पहले 11 जनवरी को रामगढ़ में कांग्रेस के राजनीतिक मामलों की कमेटी की बैठक होगी। इसमें वर्तमान राजनीतिक हालात 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति दलित उत्पीड़न महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श किया जाएगा। साथ ही पार्टी के अंदर उठ रहे विरोध और संगठन के कार्यक्रमों पर भी बात होगी।

इनकी लग सकती हैं क्लास
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के अंदर विरोध उठ रही है। इसमें पार्टी की अनुशासन समिति द्वारा कड़े कदम उठाए गए हैं। अनुशासन तोड़ने और पार्टी विरोधी कार्य करने पर प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने आलोक दूबे और डॉ राजेश कुमार गुप्ता सहित पांच को 6 साल तक पार्टी से निलंबित करने की अनुशंसा की है। अनुशासन समिति के अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने यह अनुशंसा प्रदेश प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष से की है। बताते चलें कि आलोक दुबे और डॉ. राजेश कुमार गुप्ता सहित कुल 7 लोगों को नोटिस दी गई थी। इन सात नेताओं में आलोक दुबे, डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, साधु शरण गोप, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सुनील सिंह, राकेश तिवारी और अनिल ओझा को नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया था।