गढ़वा
गढ़वा शहर के टाउन हॉल मैदान में झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग (JKPL) का शानदार आगाज हो गया है। 14 जून तक चलने वाले इस महामुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार पांडे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा और खिलाड़ियों को अवसर
उपायुक्त ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कबड्डी भारत का पारंपरिक खेल है और ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, एसडीओ ने भविष्य में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कर स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि सितंबर-अक्टूबर में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भी बड़े स्तर पर आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल सके। इस प्रीमियर लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें सिद्धू कान्हू वॉरियर्स, तेलंगाना खड़िया ब्लास्टर्स, बिरसा मुंडा लायंस, वीर बुधु भगत टाइगर्स, शेख भिखारी हीरोज एवं तिलका मांझी वॉरियर्स शामिल हैं।
गढ़वा जिला कबड्डी संघ की टीम आयोजन में सक्रिय
गढ़वा जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष रमाशंकर सिंह, सचिव राहुल शर्मा, उपाध्यक्ष आलोक कुमार विश्वकर्मा व विनीत गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रिशु कुमार मिश्रा आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह प्रतियोगिता झारखंड राज्य कबड्डी संघ एवं झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग के अध्यक्ष तपन कुमार राव, सचिव रोहित कुमार शर्मा तथा चेयरमैन संजय कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेफरी तिलक राम साहू सहित राष्ट्रीय रेफरी सन्नी सिंह, समीर सिंह, अमित हेम्ब्रम, मनोज शर्मा, दीपक तिवारी, जगदेव गोपे, जिया लाल पासवान, शिव सागर, अनिल कुशवाहा तथा राज्य रेफरी विजय ठाकुर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
तिलका मांझी वॉरियर्स को 55-48 अंकों से पराजित किया
इस अवसर पर उद्घाटन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, राकेश पाल, विनोद पाठक, ओबेदुल्ला हक अंसारी, उमेश कश्यप, शंकर प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. रविंद्र नाथ ठाकुर, गोरख चौधरी, डॉ. इश्तियाक राजा, इरफान आलम, लकी कुमार, आलोक शर्मा, अंकित कुमार, शुभम कुमार, शशिकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। उद्घाटन मुकाबले में वीर बुधु भगत टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिलका मांझी वॉरियर्स को 55-48 अंकों से पराजित कर प्रतियोगिता का विजयी आगाज किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वीर बुधु भगत टाइगर्स ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर प्रथम मैच अपने नाम किया।