रांची
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की ओर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के खिसकने के कारण झारखंड में फिलहाल मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को राजधानी रांची में तीन मिमी वर्षा दर्ज की गई।
2 अगस्त से फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 अगस्त से रांची सहित राज्य के कई जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। हालांकि मानसून सक्रिय है, लेकिन राज्य में अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। 31 जुलाई तक झारखंड में औसतन 508.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 376.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
कहीं अच्छी बारिश, कहीं सूखे जैसे हालात
राज्य में बारिश का वितरण इस बार काफी असमान रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान चाईबासा में सबसे अधिक 11.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची में 2.8 मिमी, बोकारो में 1.0 मिमी और जमशेदपुर में केवल 0.2 मिमी वर्षा हुई। दूसरी ओर डालटेनगंज और पाकुड़ में बारिश लगभग नहीं के बराबर रही। सीजन की कुल वर्षा पर नजर डालें तो चाईबासा 595.1 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे है। रांची में 526.5 मिमी, जमशेदपुर में 436.1 मिमी, डालटेनगंज में 417.1 मिमी और बोकारो में 361.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिम सिंहभूम एकमात्र ऐसा जिला है, जहां सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जबकि गढ़वा, चतरा, देवघर, पाकुड़ और कोडरमा में अब भी वर्षा की कमी बनी हुई है।
तापमान और उमस ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। डालटेनगंज में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री और सरायकेला में 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखी गई। हवा में नमी का स्तर भी काफी अधिक बना हुआ है। रांची में अधिकतम 97 प्रतिशत और न्यूनतम 75 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज होने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।.jpeg)
4 अगस्त तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। रांची, बोकारो, गुमला और हजारीबाग समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, जबकि दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यदि अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा, अन्यथा कम वर्षा वाले क्षेत्रों में कृषि पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।