देवघर
देवघर : झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी के तत्वावधान में खिजुरिया स्थित एक विवाह भवन के सभागार में बूथ एजेंट और बीएलए-2 के सदस्यों की एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर-सह-बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने की।
इस अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों से बूथ कमेटी के सदस्य, बीएलए-2 के सदस्य, सभी विंगों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से पूरा पंडाल खचाखच भरा हुआ था। रांगा मोड़ से ही पार्टी के बैनर व झंडों से पूरा मार्ग पटा हुआ था। मौके पर केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बूथ एजेंटों और बीएलए-2 के सदस्यों को उनके दायित्वों से अवगत कराया। उन्होंने दोनों की विशेषताओं को बताते हुए उनके कार्यों को समझाया। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी के सदस्यों को पंचायत समिति के सदस्यों से तालमेल कर चलना है।

बीएलए-2 के लिए क्या हैं दायित्व
इसी प्रकार बीएलए-2 के ऊपर दायित्व है कि कोई भी योग्य मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली से सचेत रहने की जरूरत है। बिहार में चुनाव से पूर्व एसआईआर करवाया गया था। इसका नतीजा सबके सामने है।
मंत्री हफीजुल हुसैन ने कहा कि झारखंड में एसआईआर पर पैनी नजर रखनी है। पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता सजग रहें। अपने आसपास के लोगों का नाम मतदाता सूची में चढ़ा है या नहीं, इसकी जानकारी मिलते ही बूथ कमेटी के सदस्यों को अवगत करा दें। वे बीएलओ से मिलकर सभी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी तालमेल से काम करें। सभी सूचनाओं को पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें। कोई संदेश या आशंका होने पर अपने वरिष्ठों से बात करें।

कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना
पार्टी के वरीय नेता सुरेश साह ने सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सभी को पार्टी हित में एक बार फिर तन-मन से जुट जाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी अतिथियों के आगमन पर धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में पार्टी नेत्री सह डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, परिमल सिंह, दिलावर हुसैन, नर्सिंग मुर्मू, अब्दुल मतीन, प्रदीप चौधरी, नंदकिशोर दास, ललन मंडल, राहुल चंद्रवंशी आदि सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
