द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने ANM (प्रतियोगिता) परीक्षा-2025 को लेकर आवश्यक सूचना जारी की है, ANM परीक्षा 18 मार्च और 19 मार्च को आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा राजधानी रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी. JSSC ने स्पष्ट तौर पर बताया है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने संबंधी सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://jssc.jharkhand.gov.in पर शीघ्र प्रकाशित की जाएगी. इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहने की सलाह भी दी गई है।

वहीं आयोग के प्रावधानों के अनुसार 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी/सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की स्थिति में आयोग द्वारा स्क्राइब (श्रुतलेखक) की सुविधा प्रदान की जाएगी. इस बीच जिन अभ्यर्थियों को स्क्राइब की आवश्यकता है, उन्हें निर्धारित प्रपत्र में 13 मार्च तक आयोग कार्यालय में आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा।

आयोग के अनुसार तय तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई भी विचार नहीं किया जाएगा और इससे संबंधित अभ्यर्थी बिना स्क्राइब के ही परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन के बाद आवश्यकता पड़ने पर शॉर्ट नोटिस के आधार पर प्रमाण पत्रों की जांच हो सकती है, इसलिए अभ्यर्थी विज्ञापन में अंकित शैक्षणिक योग्यता और अन्य अहर्ताओं के अनुरूप सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।