logo

झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

weather_jharkhand_2-2-2-.jpg

रांची
झारखंड के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। विभाग ने वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
तंतनगर में सबसे अधिक 37.2 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 37.2 मिमी वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के तंतनगर में रिकॉर्ड की गई। वहीं, सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस कांके में रिकॉर्ड किया गया।
अब भी सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 30 जुलाई तक झारखंड में सामान्य 499.3 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 372.6 मिमी बारिश हुई है। यानी राज्य में अब भी औसतन 25 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। सबसे अधिक बारिश की कमी चतरा और गढ़वा में 62-62 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके अलावा पाकुड़ में 58 प्रतिशत, देवघर में 55 प्रतिशत और गोड्डा में 48 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बोकारो में 36 प्रतिशत, गिरिडीह में 45 प्रतिशत, कोडरमा में 48 प्रतिशत और पलामू में 43 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, कुछ जिलों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि सिमडेगा में केवल 1 प्रतिशत और सरायकेला-खरसावां में 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। राजधानी रांची में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने से राज्य में बारिश बढ़ सकती है और वर्षा की कमी की आंशिक भरपाई होने की उम्मीद है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Monsoon Ranchi IMD