logo

रामगढ़ : कांस्य पदक जीतकर घर लौटे जितेंद्र पटेल का हुआ भव्य स्वागत, जिला खेल पदाधिकारी ने गुलदस्ता देकर किया सम्मानित

jitendre.jpg

चितरपुर:
असम के गुवाहटी (Guwahati) में आयोजित 22वां पारा नेशनल स्वीमिंग चैंपियनशिप (22nd Para National Swimming Championship) में झारखंड के रामगढ़ जिले के जितेंद्र पटेल ने कांस्य पदक हासिल किया है। उनके वापस लौटने पर जिले में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी रूपा तिर्की ने उन्हें गुलदस्ता देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला सिविल सर्जन प्रभात कुमार, युवा समाजसेवी विजय मेवाड़,दिव्यांग परिवर्तन फाउंडेशन के डायरेक्टर मो अतहर अली,संदीप करमाली मौजूद रहें।


भविष्य में इससे बेहतर करने का प्रयास करूंगा
जितेंद्र पटेल ने  कहा कि यह कार्यक्रम मेरे लिए काफी सफल रहा। भविष्य में इससे बेहतर करने का प्रयास करूंगा। उन्होंने प्रोत्साहित करने पर सबों का आभार प्रकट किया है। बता दें कि रामगढ़ चितरपुर के प्रखंड अंतर्गत लारीकला निवासी विश्वनाथ महतो के 30 वर्षीय दिव्यांग पुत्र जितेंद्र पटेल अब तक 10 नेशनल स्विमिंग  चैंपियनशिप में भाग लिए हैं। जिसमें से 6 मेडल हासिल कर चुके हैं। इस संबंध में जितेंद्र ने बताया कि लगातार प्रैक्टिस का फल मिला। आगे वह और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

कई खेलों के साथ डांस में भी है महारत हासिल
झारखंड के रामगढ़ निवासी भले ही दिव्यांग हैं, लेकिन एक कंप्लीट पैकेज कहा जा सकता है। क्योंकि जितेंद्र जहां पारा स्विमिंग में 10 नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेकर 6 मेडल प्राप्त कर चुके हैं। वहीं, वह झारखंड दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान भी हैं। मतलब वह बेहतरीन क्रिकेट प्लेयर भी हैं। इनके नेतृत्व में नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में झारखंड की टीम 15 बार विजेता और 5 बार उपविजेता बनी। जितेंद्र स्विमिंग और क्रिकेट के अलावा जितेंद्र वॉलीबॉल, रग्बी कई खेलों में हिस्सा ले चुके हैं। इतना ही नहीं जितेंद्र डांस में भी अपना जलवा बिखेरते हैं। वह शानदार डांस करते हैं। जितेंद्र के अनुसार अब तक दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, कोलकाता, छत्तीसगढ़, सहित कई राज्यों में डांस का जलवा दिखा चुके हैं।

11-13 नवंबर तक असम के गुवाहाटी में हुआ आयोजित
तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में राज्य से 12 खिलाड़ी शामिल हुए थे। 11-13 नवंबर तक असम के गुवाहाटी स्थित डॉ. जाकिर हुसैन कॉम्प्लेक्स (Dr. Zakir Hussain Complex) में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें झारखंड के 12 खिलाड़ियों में से दो ने कुल 3 पदक हासिल किए।