logo

आदिवासी को वनवासी कहने वाली भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया- फागू बेसरा

आदिवासी को वनवासी कहने वाली भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया- फागू बेसरा

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: झारखंड स्थापना दिवस (Jharkhand Foundation Day) को लेकर आयोजित आदिवासी महोत्सव को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव फागू बेसरा (Fagu Besra) ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Shibu Soren) के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा (Birsa Munda) के जन्मदिन पर झारखंडियों को उनका राजनीतिक अधिकार मिला। अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ। फागू बेसरा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, विकास और पहचान की लड़ाई को लेकर हमें झारखंड मिला था, लेकिन अब हमें इन उद्देश्यों की समीक्षा करनी है। 

आदिवासियों के अस्तित्व पर आज भी सवाल
फागू बेसरा ने कहा कि 26 वर्षं में झारखंड का कितना विकास हुआ। यह बड़ा सवाल है। आदिवासियों के अस्तित्व पर आज भी सवाल उठते हैं। आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की लूट जारी है। खनिजों का दोहन कर आदिवासियों को विस्थापित किया जा रहा है। आदिवासियों के प्रमुख धर्मस्थल मरांग बुरु पारसनाथ पहाड़ को लूटा जा रहा है। केंद्र सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर जैन धर्मावबंलियों के पक्ष में असंवैधानिक आदेश जारी करती है। जनजाति गौरव दिवस के नाम पर आदिवासियों को अपमानित किया जाता है। भाजपा कहती है कि भारत में कोई आदिवासी नहीं है।

फागू बेसरा ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा उसी दिन सामने आ गया था जब मध्य प्रदेश में पार्टी के एक विधायक ने जनजाति गौरव दिवस पर खुलेआम आदिवासी को वनवासी कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज इस अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

सीएम हेमंत के नेतृत्व में बनेगा सपनों का झारखंड
 उन्होंने कहा कि गुरुजी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य मिला था और अब सीएम हेमंत की अगुवाई में आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनेगा। फागू बेसरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने खनिज संशोधन विधेयक लागू करके झारखंड के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया है। उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम में ग्राम सभा को शिथिल करके लोगों का अधिकार छीना जा रहा है। 

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जबकि विधायक मंगल कालिंदी, समीर मोहंती और सोमेशचंद्र सोरेन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमुनी देवी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। 
 

Tags - Fagu BesraJharkhand Foundation DayJharkhand NewsHemant Soren