रांची
विशेष गहन पुनरीक्षण और आगामी जनगणना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय किया जा रहा है। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय राज्यभर में सांगठनिक बैठकों का नेतृत्व कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया तथा उसके राजनीतिक प्रभावों की जानकारी दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास में 20 और 21 अप्रैल को हुई दो दिवसीय बैठक में हेमंत सोरेन ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया था। बैठक में SIR और जनगणना को लेकर भाजपा के कथित षड्यंत्र को विफल करने का संकल्प लिया गया था। इसके बाद 25 मई को लोहरदगा और 26 मई को गुमला में जिला से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों और BLA की बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में विनोद पांडेय ने मतदाता सूची सत्यापन, जनता को जागरूक करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झामुमो गांव-गांव और बूथ-बूथ तक अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगा। पार्टी ने अगले चरण में 2 जून को पश्चिम सिंहभूम, 3 जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां, जबकि 4 जून को सिमडेगा में बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया है।

विनोद पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि SIR और तकनीकी प्रक्रियाओं की आड़ में गरीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों को व्यवस्था से बाहर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में SIR के बाद लाखों राशन कार्ड रद्द किए गए और पश्चिम बंगाल में भी बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए। उन्होंने कहा कि यह गरीबों के अधिकारों पर सुनियोजित हमला है, जिसका झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।