logo

झामुमो का प्रदर्शन आज से, पार्टी कार्यकर्ता करेंगे भूख हड़ताल

jmm7.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झामुमो ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। इसकी शुरुआत आज से होगी। झामुमो के कार्यकर्ता मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष उपवास करेंगे। यह कार्यक्रम हर दिन अलग-अलग जिलों में चलेगा। धूमकुड़िया में हेमंत सोरेन के समर्थन में प्रार्थना सभा का आयोजन भी होगा। हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे। 


11 बजे बापू वाटिका के पास जुटेंगे
पार्टी की केंद्रीय समिति द्वारा भाजपा और केंद्रीय एजेंसी का विरोध करने के लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं। जिसके तहत 15 फरवरी को को मोरहाबादी स्थित बापू के प्रतिमा के समक्ष भूख हड़ताल का कार्यक्रम तय किया गया है। यह कार्यक्रम लगातार अलग अलग जगह पर जारी रहेगा। झामुमो रांची जिला के अध्यक्ष मुस्ताक आलम ने सभी केंद्रीय सदस्य, जिला के सभी पदाधिकारी समेत प्रखंड/पंचायत के सभी पदाधिकारियों को दिन के 11 बजे बापू प्रतिमा के समक्ष जुटने का आह्वान किया है। 


हेमंत की लोकप्रियता से घबराई भाजपा 
मालूम हो कि आज हेमंत सोरेन की रिमांड अवधि पूरी हो रही है। झामुमो गुरुवार से ही न्याय यात्रा की शुरुआत रांची से करेगा। 20 फरवरी तक हर जिले में न्याय यात्रा आरंभ होगा, जो पंचायतों तक जाएगा। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा है कि भाजपा ने षड्यंत्र रच कर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया। इसी के तहत हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी कराई गई। हेमंत सोरेन की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा के नेता घबरा गए थे। भाजपा के षड्यंत्र को राज्य के लोग समझ चुके हैं। न्याय यात्रा के दौरान हेमंत सोरेन के विरुद्ध की गई साजिश के बारे में लोगों को बताया जाएगा।