logo

झारखंड में 6, पश्चिम बंगाल व बिहार की 1-1 और ओडिशा की दो लोकसभा सीटों पर झामुमो की दावेदारी 

jmm9.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
लोकसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा इंडिया गठबंधन के तहत झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम में भी लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहता है। जेएमएस ने झारखंड की छह, पश्चिम बंगाल व बिहार की एक-एक और ओडिशा की दो लोकसभा सीटों पर दावेदारी की है। जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, विधायक सुदिव्य सोनू, पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य व विनोद पांडेय ने सीट बंटवारे पर वार्ता की थी। इस दौरान झामुमो ने दुमका, राजमहल, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग व जमशेदपुर सीट पर दावा किया है। वहीं बिहार की जमुई सीट, बंगाल का झारग्राम, ओडिशा के मयूरभंज व क्योंझर सीट पर भी दावा किया है।


10 मार्च को की जाएगी घोषणा
सीट बंटवारे के बारे में झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि अलग-अलग राज्यों की अलग-अलग परिस्थितियां है. किस लोकसभा सीट पर लड़ेंगे यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि 10 मार्च को इसकी घोषणा कर दी जायेगी। जैसे ही आचार संहिता लागू होती है, प्रत्याशियों के नाम की भी घोषणा कर दी जायेगी। बंगाल चुनाव के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि टीएमसी इंडिया गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। झामुमो, कांग्रेस व वामदल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। 


18 फरवरी को दिल्ली में हुई थी बैठक
18 फरवरी को दिल्ली में हुई बैठक में झारखंड और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो जाने की बात कहते हुए झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि बिहार में अचानक बदली राजनीतिक हालात की वजह से वहां सीट शेयरिंग के लिए फिर से बात होगी। वहीं ओडिशा में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इसलिए ओडिशा में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय करने में थोड़ा वक्त लग रहा है। झामुमो ने साफ किया कि ओडिशा में इंडिया के बैनर तले पार्टी लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव में उम्मीदवार खड़ा करेगी.बैठक में पार्टी के सभी सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा की जायेगी।

 

फॉलोअप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंः-  https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn