logo

NEET पेपर लीक और महंगाई पर जामताड़ा में JMM का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

रदस.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी के नेतृत्व में झारखंड छात्र मोर्चा ने शनिवार को जामताड़ा शहर के इंदिरा चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देश में गरमाए नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में आयोजित किया गया था। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
​प्रदर्शन में शामिल झामुमो नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि इस धांधली के कारण देश के लाखों होनहार छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ​पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमरतोड़ महंगाई ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है और सरकार इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।


​आंदोलन तेज करने की चेतावनी
​झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू और जिला सचिव परेश यादव ने केंद्र सरकार को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि नीट धांधली और महंगाई जैसी गंभीर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक अपने आंदोलन को और तेज करेगी। आने वाले दिनों में पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


​प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
​इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष अशोक मंडल, सचिव परेश यादव, आनंद टुडू, सगीर खान, किशोर रवानी, विजय राउत, देविशन हांसदा, लालू अंसारी, रहीम अंसारी, आजाद शेख, मेरी मरांडी, माखोनी हेंब्रम, आलम अंसारी, पांचू दास तथा छात्र नेता बबला हांसदा, महावीर दास, माना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र शामिल थे।

Tags - JMMProtest NEETPaperLeak JamtaraNews InflationIssue JharkhandPolitics