logo

बीडी राम को मंत्रिपद नहीं देकर बीजेपी ने पलामू के जनमत का अपमान किया- झामुमो युवा मोर्चा

a5412.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, पलामू:

भारतीय जनता पार्टी ने पलामू के जनादेश का अपमान किया है। झामुमो युवा मोर्चा के नेताओं ने भाजपा पर लगाते हुए कड़ा हमला किया है। पलामू संसदीय सीट पर तीसरी बार जीत हासिल करने पर बीडी राम को बधाई देते हुए झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष सन्नी शुक्ला, झामुमो के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंह और सचिव आशुतोष विनायक ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेताओं ने घूम घूम कर कहा था कि अगर बीडी राम तीसरी बार चुनाव जीतते हैं तो उन्हें मंत्रिपद दिया जायेगा। पलामू की जनता को भी इसका इंतजार था। इन्होंने कहा कि बीडी राम को भाजपा ने राज्यमंत्री तक नहीं बनाया है। ये झारखंड से जीत कर गए दलित सांसद का अपमान है। 

बीजेपी ने पलामू की जनता के साथ छल किया!
झामुमो युवा मोर्चा ने कहा कि केंद्र में जब भी बीजेपी की सरकार बनी है, पलामू की जनता ने बीजेपी के सांसद को जिता कर दिल्ली भेजा है। 4 बार बीजेपी की सरकार बनने पर पलामू से भाजपा सांसद जीत कर दिल्ली गए हैं, परंतु कभी भी मंत्री नहीं बनाए गए। अभिषेक सिंह ने बीडी राम को मंत्री नहीं बनाए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा "पूर्व मेयर और भाजपा के नेताओं ने दावा किया था कि पलामू की जनता भाजपा को वोट दे कर बीडी राम को अगर सांसद बनाती है तो वो सीधा मंत्री बनेंगे। पलामू की भोली-भाली जनता भाजपा के इस जुमले में आ गई और भाजपा को चुनाव भी जीता दिया लेकिन, भाजपा ने हमेशा की तरह पलामू की जनता को ठगा है। 3 बार लगातार चुनाव जिताने पर भी मंत्री नहीं बनाना दुखद है। भाजपा नहीं चाहती कि पलामू का विकास हो। यहां की समस्याओं से जनता को निजात मिले। 

बीजेपी ने पलामू की जनता को केवल जुमला दिया!
झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने कहा " भाजपा ने पलामू को सिर्फ जुमला दिया है और ठगने का काम किया है। डबल इंजन, ट्रिपल इंजन की सरकार तक पलामू ने बनवाई है। आज भी यहां अधिकांश सीटों पर भाजपा के प्रतिनिधि ही हैं लेकिन, पलामू को इन्होंने विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। पलामू को राजनीतिक राजधानी का गौरव प्रदान था जिसे इन्होंने धूमिल किया है। उम्मीद है की इस बार मंडल डैम, चिरिमिरि लाइन, और राजहरा कोइलवरी जैसे समस्या का समाधान और नई फैक्ट्री का निर्माण होगा, नहीं तो आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा किसी भी सीट पर अपना खाता नहीं खोल पाएगी।" 

चुनाव जीतने के लिए मंत्रिपद की अफवाह उड़ाई
सचिव आशुतोष विनायक ने कहा "झारखंड से एक कैबिनेट मंत्री पलामू से दलित सांसद बीडी राम को बनाना चाहिए था। भाजपा पलामू को अपना गढ़ समझती है इसलिए पलामू की जनता और पलामू से जीते जनप्रतिनिधियों का सम्मान भाजपा द्वारा नहीं किया जाता है। इन लोग ने विकास का एक भी कार्य नहीं किया है। पलामू के पिछड़ेपन का कारण भाजपा ही है, जनता इसे अब बखूबी समझ रही है। भाजपा ने मंत्री पद का अफवाह उड़ा कर ये चुनाव जीते हैं।"

Tags - JMM Yuva MorchaBD RamBJPModi CabinetLok Sabha ElectionJharkhand News