द फॉलोअप डेस्क
रेलवे पुलिस (RPF) और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार की शाम डांडीडीह स्थित गुड्डू खान के गोदाम में घंटों चली छापेमारी कर भारी मात्रा में रेलवे का लोहा बरामद किया। बरामद सामानों में 10 से 15 फीट लंबी रेलवे की पटरी समेत अन्य लोहे के कई सामान शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना पर RPF ने गिरिडीह पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी। इसके बाद जिला पुलिस और RPF की संयुक्त टीम बनाई गई और छापेमारी की योजना तैयार की गई। रविवार की शाम टीम ने गोदाम को चारों तरफ से घेर कर छापेमारी की, जो देर रात तक चली। छापेमारी में यह स्पष्ट हुआ कि चोरी किए गए रेलवे के लोहे को गोदाम में इकट्ठा कर अवैध रूप से बिक्री की जा रही थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में लोहा जब्त कर लिया। सभी जब्त सामानों को RPF अपने साथ लेकर चली गई है।
इस मामले में RPF ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गोदाम मालिक और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी का यह लोहा किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जा रहा था।
