द फॉलोअप डेस्क
सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया एक बार फिर से शुरू कर दी है। कई नियुक्तियों के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने आवेदन निकाला है। इसकी आवेदन प्रकिया कल से शुरू होने जा रही है। जेएसएससी सूत्रों के मुताबिक उत्पाद सिपाही, सचिवालय सहायक जैसे पदों के लिए भी इसी माह आवेदन निकाला जाएगा। कार्मिक की ओर से रिक्तियों की अनुशंसा कर दी गयी है। सभी आवेदन ऑनलाइन भरे जाएंगे। कल से शुरू होने जा रहे आवेदन में कई पुराने आवेदन हैं।

लैब असिस्टेंट पदों पर नियुक्तियां
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से फिजिक्स केमिस्ट्री और बायोलॉजी के लैब असिस्टेंट पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं। इसमें कुल 690 पद खाली है। जिसके लिए 5 अप्रैल से 6 मई तक इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन ऑनलाइन फॉर्म में होगा।
प्लस 2 स्कूलों में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्तियां
जेपीएससी ने राज्य के प्लस 2 स्कूलों में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति का विज्ञापन निकाला है। जिसमें सीधी नियुक्ति से 2137 पद हैं। वहीं बैकलॉग से कुल रिक्त पदों की संख्या 265 है। इसके लिए 5 अप्रैल से 6 मई तक इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन ऑनलाइन फॉर्म में होगा।

बालिका प्लस टू स्कूलों में प्राचार्य के 39 पदों पर सीधी नियुक्ति
झारखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य के 59 राजकीय राजकीयकृत बालक एवं बालिका प्लस टू स्कूलों में प्राचार्य के 39 पदों पर सीधी नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया है। इसका आवेदन आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 अप्रैल से 8 मई तक चलेगी। परीक्षा शुल्क का भुगतान 11 मई की रात 12 बजे तक किया जा सकता है। भरे हुए आवेदन की हार्ड कॉपी 26 मई तक आयोग के कार्यालय में जमा करना होगा। यह नियुक्ति स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से भेजी गई अनुशंसा पर की जा रही है।

पहले किए गए आवेदन पर नहीं लगेगा फीस
बता दें कि इन पदों में से प्रयोगशाला सहायक और स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पिछले साल विज्ञापन जारी हुआ था। हजारों अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म भी भरा। लेकिन दिसंबर 2022 में हाईकोर्ट द्वारा नियोजन नीति रद्द किए जाने के बाद जेएसएससी ने कई विज्ञापनों को वापस ले लिया था। पिछली कैबिनेट में नियुक्ति नियमावली में संशोधन कर नए सिर से विज्ञापन जारी किया गया है। जारी विज्ञापन में जेएसएससी ने कहा है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें किसी तरह की फीस नहीं देनी होगी। ऐसे अभ्यर्थियों को पूर्व में मिले अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि को आवेदन के साथ भरना होगा। इन उम्मीदवारों को फीस में छूट दी जा रही है, पर उन्हें आवेदन करना होगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT