logo

CGL घोटाला : पटना में 30 अभ्यर्थियों को रटवाया प्रश्नोत्तर, मूल दस्तावेज लौटाने के एवज में वसूले 5.50 लाख

पटना में 30 अभ्यर्थियों को रटवाया प्रश्नोत्तर, मूल दस्तावेज लौटाने के एवज में वसूले 5.50 लाख

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 2023 में पेपर लीक और गड़बड़ी से जुड़े मामले में सीआईडी अब तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। इस बार करीब एक दर्जन गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया जायेगा। मामले की जांच के दौरान सीआईडी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां और साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी ने शुरुआती चार्जशीट में 28 लोगों को आरोपित बनाया था। इसके बाद गिरफ्तार किये गये 10 आरोपियों के खिलाफ पहली पूरक चार्जशीट दाखिल की गयी थी। अब आगे की जांच में सामने आये तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर तीसरी पूरक चार्जशीट तैयार की जा रही है। जांच में इस मामले के प्रमुख आरोपी राम कृष्ण कुमार सिंह की भूमिका को लेकर भी कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आये हैं। मामले के दूसरे गवाह राहुल कुमार ने सीआईडी के समक्ष अपने बयान में बताया है कि राम कृष्ण ने उसे जानकारी दी थी कि उसके मूल दस्तावेज पटना में संजय कुमार उर्फ संजय साव के पास हैं। इसके बाद दोनों पटना गये, जहां कथित तौर पर संजय साव को 5.50 लाख रुपये देकर मूल दस्तावेज वापस लिये गये। बताया गया है कि 25 दिसंबर 2024 को दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद वे लौटे थे। इस मामले में राजधनवार थाने में मूल दस्तावेज गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने का उल्लेख भी केस डायरी में किया गया है। सीआईडी इस पूरे घटनाक्रम को जांच के महत्वपूर्ण पहलुओं में शामिल कर रही है।


राम कृष्ण की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन से पटना कनेक्शन
जांच में प्रमुख आरोपी राम कृष्ण कुमार सिंह के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन से जुड़ी जानकारियां भी सामने आयी हैं। सीआईडी के अनुसार, 20 और 21 सितंबर 2024 को उसकी मोबाइल लोकेशन पटना में मिली थी। बताया गया है कि यह लोकेशन कथित तौर पर पैसों के लेन-देन से जुड़े समय की भी है। जांच में यह भी जानकारी मिली कि राम कृष्ण परीक्षा से पहले पटना गया था और वहां अभ्यर्थियों की व्यवस्था करने में उसकी भूमिका रही थी। सीआईडी ने इस मामले में आरोपियों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया है।


 

पटना के अपार्टमेंट में 25 से 30 अभ्यर्थियों को रटाये गये थे प्रश्नपत्र
जांच के दौरान आरोपियों के बयानों में यह बात सामने आयी है कि परीक्षा से ठीक पहले पटना के एक अपार्टमेंट में करीब 25 से 30 अभ्यर्थियों को रखा गया था। वहां तीन सेट में प्रश्नपत्र वितरित कराये गये और उनके उत्तर अभ्यर्थियों को रटाये गये थे। आरोपियों के बयानों के मुताबिक, राम कृष्ण ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से पैसे जुटाये थे। इसके बाद राहुल कुमार राय, रूपेश देव, सुजीत कुमार राय और संजय कुमार जैसे कथित बिचौलियों के जरिये नकद रकम पहुंचायी गयी थी। जांच में इसी मामले के आरोपी गजेंद्र कुमार राय के बयान का भी उल्लेख है। उसके बयान में नौकरी दिलाने के वादे के तहत जमीन गिरवी रखने और बैंक खाते में पैसे जमा कराये जाने की बात सामने आयी है। सीआईडी इन सभी बयानों, पैसों के लेन-देन, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। तीसरी पूरक चार्जशीट में इन तथ्यों से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

Tags - JSSC CGLPaper Leak CaseJharkhand CIDExam ScamJharkhand News