रांची
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 आज राज्यभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। परीक्षा का आयोजन राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में स्थित 813 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है, जहां 3,22,867 अभ्यर्थी तीन पालियों में ओएमआर शीट पर परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने से पहले अभ्यर्थियों की कई स्तरों पर जांच की जा रही है। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। जिसकी तस्वीर अलग-अलग जिले के परीक्षा केंद्र से लगतार देखने को मिल रहा है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
रांची में 132 केंद्रों पर करीब 60 हजार परीक्षार्थी
वहीं राजधानी रांची में भी 132 परीक्षा केंद्रों पर करीब 60 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शनिवार से ही रांची पहुंचने लगे थे। रेलवे स्टेशन और सरकारी बस डिपो पर देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई।

रामगढ़ में होटल और लॉज पर रही विशेष निगरानी
रामगढ़ जिले में परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क शनिवार से देखी जा रही है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की टीम ने परीक्षा से पहले विभिन्न होटल और लॉज में सघन जांच अभियान चलाया गया। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा कदाचारमुक्त और कड़ी सुरक्षा के साथ सभी परीक्षा दे रहे है। होटल संचालकों को निर्देश दे दिया गया है कि वे अपने यहां ठहरने वाले सभी व्यक्तियों का पूरा विवरण रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्ती भी जारी है।
जामताड़ा में 16 केंद्रों पर 4,380 अभ्यर्थी
जामताड़ा जिले में 16 परीक्षा केंद्रों पर 4,380 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले शनिवार को उपायुक्त आलोक कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। वहीं आज रविवार को सुबह से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया। सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया जा रहा है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 
लोहरदगा में 18 केंद्रों पर 5,544 परीक्षार्थी
लोहरदगा जिले में 18 परीक्षा केंद्रों पर 5,544 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर नियंत्रण कक्ष, डिस्प्ले बोर्ड, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अन्य प्रशासनिक प्रतिनिधियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।.jpeg)
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
JSSC ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। आयोग ने अभ्यर्थियों से परीक्षा की शुचिता बनाए रखने की अपील की है। यदि कोई अभ्यर्थी अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय अधिनियम, 2023 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्यभर में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है। सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।