जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. एक बहुमंजिला इमारत में लिफ्ट गिरने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल की पहचान जुगसलाई निवासी रुकसाना के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रुकसाना धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग के एक फ्लैट में घरेलू काम करती है. शुक्रवार दोपहर वह रोज की तरह काम पर पहुंची और लिफ्ट से ऊपर जा रही थी. इसी दौरान अचानक लिफ्ट में खराबी आ गई और वह नीचे गिर गई. हादसे की तेज आवाज सुनकर बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और महिला को लिफ्ट से बाहर निकाला.
घायल रुकसाना को तुरंत इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बतायी है. फिलहाल उसे सीसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि लिफ्ट गिरने का कारण क्या था तथा उसमें तकनीकी खराबी थी या नहीं. साथ ही बिल्डिंग प्रबंधन से भी जवाब-तलब किया जा रहा है. इधर, हादसे के बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की मांग की है.
.jpeg)