रांची
राज्य में हॉकी की प्रतिभाओं को उभारने में रेलवे की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। रेलवे ने इस भूमिका को याद करते हए झारखंड की एक औऱ हॉकी खिलाड़ी को नौकरी का प्रस्ताव दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस बार जूनियर महिला हॉकी टीम की प्लेयर रोपनी कुमारी को नौकरी का ऑफर दिया है। इससे रोपनी कुमारी के परिवार और दूसरे खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है। रेलवे की ओर से मिली जानकारी के अनुसार रोपनी को रांची रेल मंडल में नौकरी के लिए आमंत्रण मिला है।

झारखंड हॉकी टीम के अधिकारी ने जतायी खुशी
रोपनी कुमारी को इस ऑफर के बाद झारखंड हॉकी टीम के अधिकारी मनोज कोनबेगी ने प्रेस को बताया है कि रोपनी कुमारी इस वक्त बैंगलुरू में जूनियर वर्ड कप के लिए महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप में है। रोपनी कुमारी के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का यह पहला मौका है। इस पहले मौके में ही रेलवे की ओऱ से नौकरी मिलने का प्रस्ताव हमारे लिए गर्व की बात है। इससे न सिर्फ खिलाड़ी बल्कि पूरी टीम का मनोबल बढ़ता है। इसका सीधा असर खिलाड़ी के प्रदर्शन पर पड़ता है। उसकी प्रतिभा में निखार आता है।

रांची रेल मंडल की खिलाड़ियों ने इतिहास रचा है
गौरतलब है कि रांची रेल मंडल खिलाड़ियों को नौकरी देने के मामले में अग्रणी संस्थानों में से एक रहा है। भारतीय टीम में इस मंडल के खिलाड़ियों ने इतिहास रचा है। रेलवे में नौकरी कर रहीं खिलाड़ियों में सुमराय टेटे और असुंता लकड़ा हॉकी टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। रेलवे ने निक्की प्रधान, सलीमा टेटे जैसी कई खिलाड़ियों को नौकरी दी है। आज के समय में भी भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुवाई करने वाली ज्यादातर खिलाड़ी रांची मंडल में किसी न किसी पोस्ट पर कार्यरत हैं।
