logo

झारखंड कांग्रेस : मंथन शिविर में बोले के राजू- शिकायतों को गंभीरता से लिया जायेगा, समन्यव पर फोकस 

CONG0030.jpg

रांची
संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित शिविर "मंथन" का पांचवां दिन दो सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र में विगत लोकसभा एवं विधानसभा के प्रत्याशियों (वर्तमान सांसदों एवं विधायकों को छोड़कर) की बैठक हुई, जबकि द्वितीय सत्र में प्रदेश मीडिया प्रभारी, चेयरमैन, प्रवक्ता, सोशल मीडिया टीम एवं जिला प्रवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
प्रथम सत्र में लोकसभा चुनाव के पूर्व प्रत्याशियों ने चुनाव में आई समस्याओं तथा हार के कारणों पर विस्तृत चर्चा की। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि इस बैठक में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों से आई प्रतिक्रियाएँ विचारणीय हैं और संगठन को मजबूती प्रदान करने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि यदि संगठन स्तर पर समन्वय में थोड़ी भी चूक होती है, तो चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। अतः इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड में आगामी शहरी निकाय चुनावों की तैयारी करनी होगी। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में शहरी क्षेत्रों में संतोषजनक परिणाम नहीं मिले, इसलिए मतदाताओं की नब्ज को समझकर रणनीति बनानी होगी। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर मजबूत समितियों का गठन कर संगठन समर्थित उम्मीदवारों को जिताने का प्रयास करना होगा। साथ ही, उन लोगों की पहचान की जा रही है जिन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के विरोध में कार्य किया, ऐसे लोगों पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में चुनावी लहर थी और राहुल गांधी के संघर्ष का लाभ भी मिल रहा था, बावजूद इसके कुछ सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से अगले चार वर्षों में कांग्रेस को मजबूत करना होगा और मतदाताओं के छिटकने के कारणों की पहचान कर उन पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी चुनाव में उम्मीदवारों का चयन समय पर होना चाहिए ताकि पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ सके।


बैठक में प्रमुख रूप से सुबोध कांत सहाय, राजेश ठाकुर, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, के. एन. त्रिपाठी, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, अजय शाहदेव, अरुण साहू, पूर्णिमा नीरज सिंह, यशस्विनी सहाय, अनुपमा सिंह, मुन्ना सिंह, सुधीर चंद्रवंशी, राकेश सिन्हा, सतीश मुजनी, संजय पांडे, किशोर अमूल्य, नीरज खलको, ओनाल शांति, कमल ठाकुर, रियाज अंसारी, आभा सिन्हा, गजेंद्र सिंह, शांतनु मिश्रा, निरंजन पासवान, जगदीश साहू, अभिलाष साहू एवं संजय कुमार उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest