logo

सरायकेला-खरसावां में सड़क सुरक्षा अभियान, 200 से अधिक वाहनों की हुई जांच

सरायकेला-खरसावां में सड़क सुरक्षा अभियान, 200 से अधिक वाहनों की हुई जांच

सरायकेला-खरसावां 

सड़क सुरक्षा को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने कांड्रा चौक से लेकर सरायकेला तक विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। मिली जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहन चालकों की जांच की गई।

वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया

जांच के क्रम में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की गई। यातायात पुलिस ने जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। पुलिसकर्मियों ने चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर समय-समय पर जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। जिससे कि किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Tags - Road Safety Vehicle Checking Campaign SP Nidhi Dwivedi Traffic Rules Awareness Jharkhand Police