द फॉलोअप डेस्क
रांची के कांटाटोली में फ्लाईओवर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। मगर सर्विस लेन नहीं होने से इस रोड से गुजरने वालों को काफी परेशानी हो रही है। ट्रैफिक हर समय जाम रह रहा है। मगर अब यह समस्या दूर करने की कवायद शुरू की गई है। सर्विस लेन बनाने से पहले नाले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे घरों का पानी सर्विस लेन पर नहीं आएगा। जिससे सर्विस लेन में गड्ढे नहीं होंगेI सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड के गड्ढे को भी भरने का काम आरंभ हो चुका है।

सीएम ने किया था निर्माण कार्य का निरीक्षण
यातायात सुचारू बनाने और वाहन चालकों की सुविधा के लिए सर्विस लेन के गड्ढो को भरने का काम शुरू हुआ है। सर्विस लेन का रखरखाव कार्य किये जाने से लोगों को कुछ हद तक वाहन चलाने में सुविधा होगी। बताते चलें कि करीब तीन महीने पूर्व 1 नवंबर 2022 को सीएम ने कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने जुडको व निर्माता एजेंसी से कहा था कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को असुविधा न हो इसका खास ख्याल रखें। अच्छे डायवर्सन रोड का निर्माण करें ताकि वाहनों के आवागमन कोई परेशानी न हो। वहीं, कांट्रेक्टर कंपनी के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान जाम कांटाटोली को जाम से मुक्त कराने के लिए जहां-जहां आवश्यकता हो वहां जंक्शन बनाएं।

फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बनेगा पक्का लेन
फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाने के बाद ही पक्के सर्विस लेन का निर्माण होगा। इसके पीछे का कारण बताया गया है कि वर्तमान में पक्का सर्विस लेन बनाने से फ्लाईओवर के पिलर पर गडर चढ़ाने के लिए चेन के पहिये वाले बड़े क्रेन के संचालन से सर्विस लेन टूट जाएगा। इसलिए फ्लाईओवर के निर्माण तक सर्विस लेन का रखरखाव कर उसे यातायात के लिए बनाया जाएगा।
25 पिलर नजर आने लगे
कांटाटोली फ्लाईओवर के काम की प्रगति अब नजर आने लगी है। इस फ्लाईओवर में कुल 44 पिलर बनना है। जिसमें 25 पिलर बन चुका है। वहीं, 25 पिलर में से 6 पर पिलर कैप भी बन गया। इसके अलावा खादगढ़ा बस स्टैंड सड़क से सटे पेट्रोल पंप के निकट कलवर्ट का भी निर्माण शुरू हो गया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT