रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) 8 दिसंबर यानि आज से राज्य के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसकी शुरूआत गढ़वा और पलामू भ्रमण के साथ होगी। इस दौरान सीएम विभिन्न जिलों का भ्रमण कर वस्तुस्थित से अवगत होंगे। वहीं सीएम द्वारा जिला के किसी भी विभाग का औचक निरीक्षण किया जायेगा। इसके साथ सीएम द्वारा जिला स्तर पर गरीबों के बीच कंबल वितरण कराया जायेगा।

मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री जिला स्तरीय समीक्षा के क्रम में उत्कृष्ट विद्यालय, मॉडल स्कूल और अन्य सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों, छात्रावास, पेयजल आपूर्ति, सड़क और पुल की स्थिति, सिंचाई, पुलिस स्टेशन, आंगनबाड़ी केंद्र, जनवितरण प्रणाली की दुकान और आम लोगों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित केंद्रों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री सिर्फ इनकी समीक्षा ही नहीं अपितु स्थल का भ्रमण कर उसकी स्थिति से भी अवगत होंगे।
योजनाओं की मौजूदा हालात से होंगे अवगत
इस दौरान मुख्यमंत्री सरकार की फोकस्ड स्कीम जैसे सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, केसीसी, कृषि ऋण माफी योजना, मनरेगा, स्कॉलरशिप, पर्यटन, खेल और अन्य गतिविधियों की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा एक करोड़ से अधिक की राशि से अधिक को स्वीकृत योजना की भी समीक्षा होगी। साथ ही, आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की भी समीक्षा होगी।

सचिव और उच्च अधिकारी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभाग के सचिव, उच्च अधिकारियों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों को उपस्थित रहने का आदेश दिया है। ताकि लोगों की समस्याओं का तत्काल निवारण किया जा सके।