द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला पटरियों के बीच गिर गई और उसकी मौत हो गई। यह हादसा धनबाद-गया रेलखंड पर हुआ। मृतका की पहचान मुस्कान मसी (24) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बर्धमान की रहने वाली थीं। वह अपनी 15 वर्षीय भांजी और दुधमुंहे जुड़वां बच्चों के साथ सियालदह-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस से नई दिल्ली जा रही थीं।

चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मुस्कान मसी ने आसनसोल से ट्रेन पकड़ी थी और कोच बी-3 में सफर कर रही थीं। जब ट्रेन कोडरमा स्टेशन पहुंची, तो वह खाने-पीने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गईं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। घबराहट में उन्होंने दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पायदान पर पैर रखते ही संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गईं।

एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव
घटना को देख एक सहयात्री ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। महिला ट्रेन के पहियों के नीचे गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसी हुई थी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला के साथ सफर कर रही उनकी भांजी और दोनों जुड़वां बच्चों को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां उन्हें महिला जवानों की देखरेख में रखा गया। इस हृदयविदारक घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।