logo

ससुराल नहीं जाना चाहती नवविवाहिता, चेचेरे भाई के साथ रहने की जिद; झारखंड में हो क्या रहा है!

bride3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने शादी के महज दो महीने बाद ससुराल लौटने से इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि वह अपने चचेरे भाई से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। मामला तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-20, गुमो स्थित हरिजन टोला का है। यहां रहने वाली 21 वर्षीय लक्ष्मी दास की शादी दो माह पहले कोडरमा थाना क्षेत्र के चिकलाबर गांव में हुई थी। कुछ दिन पहले वह ससुराल से मायके आई थी। जब परिजनों और ससुराल वालों ने उसे वापस भेजने की कोशिश की, तो उसने साफ मना कर दिया।


चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
परिजनों के दबाव डालने पर लक्ष्मी दास ने बताया कि वह अपने चाचा विनोद दास के बेटे रोहित कुमार से पिछले चार वर्षों से प्रेम करती है। उसके अनुसार, दोनों शादी करना चाहते थे। लक्ष्मी का कहना है कि रोहित ने उसे भरोसा दिलाया था कि शादी के बाद भी वह उसे अपने साथ ले जाएगा। उसने यह भी बताया कि शादी के बाद रोहित दो-तीन बार उसके ससुराल भी मिलने पहुंचा था।


भागने की कोशिश के दौरान पकड़े गए
जानकारी के अनुसार, बीती रात लक्ष्मी और रोहित गांव से भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान युवती के माता-पिता ने दोनों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद लक्ष्मी को घर में बांधकर रखा गया। सुबह गांव के प्रबुद्ध लोगों की मौजूदगी में उससे अंतिम फैसला पूछा गया, जिस पर उसने कहा कि वह किसी भी हाल में रोहित के साथ ही रहना चाहती है।


ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपी जिम्मेदारी, प्रेमी फरार
मामले को लेकर ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि दोनों पक्षों को पुलिस के हवाले कर दिया जाए और आगे कानून के अनुसार जो फैसला होगा, उसे सभी स्वीकार करेंगे। सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस गांव पहुंची और युवती व उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। वहीं, रोहित दास फिलहाल गांव से फरार बताया जा रहा है। दूसरी ओर, रोहित के माता-पिता ने लक्ष्मी को अपने घर में रखने से इनकार कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Tags - Koderma Jharkhand Love Affair Police Marriage