logo

धनबाद के कुसुंडा में धंस गई जमीन, 3 घरों में आई दरार; जहरीली गैस के रिसाव से दहशत

dhanbad_bhoo_dhasan.jpg

धनबाद
धनबाद में फिर जमीन धंस गई. तेज आवाज के साथ जमीन धंसने से वहां गोफ बन गया और 3 घरों में दरार आ गई. घटना केंदुआडीह थानाक्षेत्र अंतर्गत कुसुंडा के गोधर 6 नंबर एरिया सब-स्टेशन के पीछे सोमवार को दोपहर 3 बजे घटी. भू-धंसान की घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग घरों से सामान निकालकर सुरक्षित जगह पर पनाह लेने के लिए भागने लगे. बताया जाता है कि हवा चानक के पास अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने लगी. भू-धंसान के बाद स्थानीय लोगों ने दरारों से जहरीली गैस के रिसाव का भी दावा किया. इस वजह से लोगों में दहशत का माहौल  है. केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. 
स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि यहां पहले भी भू-धंसान की घटना हो चुकी है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. पीड़ित शिवनंदन पासवान और पार्वती देवी ने बीसीसीएल से सुरक्षित जगह पर आवास दिलाने की मांग की है. घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने इस इलाके को डेंजर जोन घोषित किया है. ग्रामीणों ने बताया कि गोधर इलाके में करीब 250 परिवार रहते हैं और लगातार भू-धंसान की घटना से उनकी जान  हमेशा जोखिम में रहती है. लोगों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद काफी देर तक बीसीसीएल प्रबंधन या जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा.

 

Tags - Dhanbad land subsidence Kusunda ground collapse news Jharia coalfield subsidence Jharkhand land sinking incident underground fire gas leakage Dhanbad