द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के बस स्टैंड स्थित गेट नंबर-1 के पास सोमवार देर रात तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अज्ञात अपराधियों ने रंगदारी और भय फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देर रात तक लोग भय में रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजहंस बस के एक कंडक्टर के साथ कुछ अज्ञात अपराधियों ने पहले मारपीट की। विवाद के दौरान अपराधियों ने कंडक्टर को धमकाया और अपने दबंगपन का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को डराने और इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और यात्री घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी गई, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और रंगदारी से जुड़ा बताया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। साथ ही बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.jpeg)